शहडोल में 'खूनी हाईवे' बना NH-43 : कार ने बाइक को सामने से मारी जोरदार टक्कर; एक की मौत, 2 दिन में यह दूसरा बड़ा हादसा
MP CG Times / Tue, Jun 9, 2026
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहडोल-अनूपपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।

पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, कार का अगला हिस्सा पिचका
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना शहडोल-अनूपपुर हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास तड़के सुबह घटित हुई। सन्नाटे के बीच तेज गति से आ रही एक कार और बाइक में सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर पर घातक चोटें आईं और उसकी मौके पर ही सांसें थम गईं। भिड़ंत के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर पिचक गया।
बुढार का रहने वाला था युवक
हादसे का शिकार हुए मृतक की पहचान महेंद्र कोल के रूप में की गई है, जो बुढार क्षेत्र के भुतही मोहल्ला का निवासी था। दुर्घटना की खबर लगते ही मृतक के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।
शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों के पहिए थम गए और यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू करवाया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
2 दिन पहले भी इसी हाईवे पर हुई थी बुजुर्ग महिला की मौत
अमलाई थाना प्रभारी (TI) भूपेंद्र मणि पांडे ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी नेशनल हाईवे-43 पर मात्र दो दिन पहले भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जहां एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया था। उस दुर्घटना में भी एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। हाईवे पर लगातार हो रहे इन हादसों के बाद पुलिस ने एक बार फिर वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा के भीतर और पूरी सावधानी से वाहन चलाने की सख्त अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन