अनूपपुर में स्कूल जा रहे 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत : ओवरटेक करते समय पिकअप से टकराई बाइक, ट्रक के पहिए तले कुचला; भड़के ग्रामीणों का चक्काजाम
MP CG Times / Wed, Oct 7, 2026
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले अंतर्गत रामनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं कक्षा के होनहार छात्र की मौत हो गई। ग्राम हर्री निवासी 18 वर्षीय ललित केवट अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से स्कूल जा रहा था।
तभी आमाडांड मार्ग पर ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक पिकअप से टकरा गई और ललित अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रहे भारी ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया। हादसे में गंभीर चोट लगने से ललित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि किस्मत से उसके दोनों साथी बाल-बाल बच गए।

पिकअप को ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ हादसा
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम हर्री निवासी ललित केवट (18) अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक से मलगा स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जा रहा था।
आमाडांड रोड पर उनकी बाइक एक पिकअप वाहन के ठीक पीछे चल रही थी। बाइक चला रहे छात्र ने रफ्तार तेज कर पिकअप को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार ट्रेलर आता दिखा, जिसे देख पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही तेज रफ्तार बाइक पिकअप से टकरा गई। टक्कर के कारण ललित सीधे सड़क पर चले रहे भारी-भरकम ट्रेलर की तरफ जा गिरा और उसके पहिए की चपेट में आ गया।

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, 1 घंटे थमा रहा ट्रैफिक
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने आमाडांड रोड पर छात्र का शव रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपी वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही रामनगर और बिजुरी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया जा सका।
पिकअप ड्राइवर पर केस दर्ज, पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा
रामनगर पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने छात्र के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम (PM) कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने पिकअप वाहन ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन