शेयर-मार्केट में सैलरी डूबोया, पत्नी को हिसाब देने ली रिश्वत : सैलरी और बैंक बैलेंस गंवाया, तो प्रॉपर्टी टैक्स घटाने के नाम पर मांगी घूस; लोकायुक्त ने चाय की दुकान से दबोचा
MP CG Times / Sat, Oct 10, 2026
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से सटी ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्णदेव पटेल को शेयर बाजार में नुकसान की भरपाई करना और पत्नी को पैसों का हिसाब न दे पाना भारी पड़ गया। लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सचिव को एक निजी स्कूल संचालक से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते मेडिकल चौराहे स्थित चाय की दुकान से रंगे हाथों दबोच लिया।
आरोपी सचिव ने शेयर बाजार के चसके में अपनी पूरी सैलरी और बैंक में जमा पूंजी तक गंवा दी थी। नुकसान की भरपाई और कर्ज चुकाने के लिए उसने पंचायत क्षेत्र के बड़े बकायेदारों से प्रॉपर्टी टैक्स कम कराने के नाम पर 'सेटलमेंट' का खेल शुरू कर दिया था।

शेयर मार्केट का चस्का, पंचायत के काम से गैरहाजिरी और अटैचमेंट
मामले की जांच में आरोपी सचिव के बैकग्राउंड को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। कृष्णदेव पटेल को वर्ष 2007 में 10वीं पास की योग्यता पर नाहल्दा पंचायत में पदस्थ किया गया था।
सचिव दिन-रात शेयर बाजार (Share Market) में ट्रेडिंग में लगा रहता था। सितंबर महीने की पूरी सैलरी और बैंक बैलेंस डूबने के बाद उस पर अन्य कर्मचारियों का कर्ज भी बढ़ गया था।
काम में घोर लापरवाही और वर्चुअल/टीएल बैठकों से लगातार गायब रहने के कारण जिला पंचायत सीईओ ने 22 सितंबर को उसे नाहल्दा से हटाकर जनपद पंचायत अटैच कर दिया था।
'6 लाख का टैक्स सवा दो लाख में निपटा दूंगा', लोकायुक्त पहुंची शिकायत
पद से हटाए जाने के बाद भी आरोपी ने अपनी साठगांठ बंद नहीं की। शिक्षा विभाग के रिटायर्ड अधिकारी व निजी स्कूल संचालक लक्ष्मण सिंह चौहान की स्कूल इमारत का 2022 से अब तक का प्रॉपर्टी टैक्स 6 लाख रुपए बकाया बताया गया था।
जब चौहान ने टैक्स गणना का नियम पूछा तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद आरोपी सचिव ने 50 हजार रुपए की रिश्वत के बदले 6 लाख का टैक्स घटाकर केवल सवा दो लाख रुपए कराने का 'सेटलमेंट ऑफर' दिया। परेशान स्कूल संचालक ने रिश्वत की बातचीत रिकॉर्ड कर लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय को सौंप दी, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप रचा गया।
चाय पीते समय पैंट की जेब से बरामद हुए 25 हजार रुपए
लोकायुक्त इंस्पेक्टर प्रतिभा तोमर की अगुवाई में टीम ने शहर के मेडिकल चौराहे पर कार्रवाई की। शुक्रवार को आरोपी सचिव ने फरियादी लक्ष्मण सिंह चौहान को पहली किस्त के 25 हजार रुपए लेकर चौराहे की चाय दुकान पर बुलाया।
जैसे ही सचिव ने 25 हजार रुपए लेकर अपनी पैंट की जेब में रखे और चाय पीने लगा, आसपास मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। उसकी जेब से रंगे हाथ केमिकल लगे नोट बरामद कर लिए गए।
लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सहमति पत्र के आधार पर आरोपी को जमानत दी गई है और वैधानिक जांच पूरी होने के बाद चालान अदालत में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन